बलिया। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मनिराम सिंह ने मंगलवार को जिले के चार शिक्षा क्षेत्रों के नौ विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान तीन स्कूल बंद मिले, जबकि छह विद्यालयों पर 16 शिक्षक, शिक्षामित्र व अनुदेशक अनुपस्थित पाए गए। बीएसए ने बंद स्कूलों के प्रधानाध्यापकों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। जबकि गैरहाजिर शिक्षक, शिक्षामित्र व अनुदेशक का अनुपस्थित तिथि का वेतन काटने का निर्देश दिया।
शिक्षा क्षेत्र सोहांव के प्राथमिक विद्यालय पिपरा कलां नम्बर दो का निरीक्षण करने के लिए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मनिराम सिंह पहुंचे, लेकिन विद्यालय बंद मिला। इसी तरह प्राथमिक विद्यालय, करंजा और उच्च प्राथमिक विद्यालय दरियापुर का भी ताला नहीं खुला था। तीनों विद्यालयों के प्रधानाध्यापक को बीएसए ने कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
इसके बाद बीएसए शिक्षा क्षेत्र चिलकहर के कम्पोजिट विद्यालय औंदी पहुंचे, जहां शिक्षक सतीश कुमार सिंह, उमेश कुमार यादव, राजेन्द्र यादव, सरिता देवी, शमीम आरा, बृजेश कुमार गुप्ता अनुपस्थित मिले। वहीं, प्राथमिक विद्यालय औंदी पर सरफराज अहमद व कुदलिया खातून अवकाश पर थे। विद्यालय में न बच्चे थे न मिड डे मील बना था। जबकि उच्च प्राथमिक विद्यालय, पियरिया पर कन्हैया यादव, ममता कुशवाहा, विशाल सिंह, नेता सिंह व सुमंती सिंह अनुपस्थित मिले। उच्च प्राथमिक विद्यालय सहदेश पर रत्नाकर लाल गौतम, अनुपस्थित थे। वहीं, शिक्षा क्षेत्र गड़वार के उच्च प्राथमिक विद्यालय फेफना के निरीक्षण में बीएसए को किरन पांडेय व शिखा गुप्ता अनुपस्थित मिलीं। जबकि शिक्षा क्षेत्र हनुमानगंज के प्राथमिक विद्यालय सागरपाली नं. 3 में रामजी सिंह व अंजू पांडेय अनुपस्थित थे। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी द्वारा सभी अनुपस्थित शिक्षकों का अनुपस्थित तिथि का वेतन काटने का निर्देश दिया है।