नगरा। नगरा-रसड़ा मार्ग पर सराय चावट के समीप बुधवार की दोपहर को ट्रेलर से पास लेने के प्रयास में ई-रिक्शा और सामने से आ रही पिकअप के आमने-सामने टक्कर हो गई। दुर्घटना में ई-रिक्शा चालक शंभूनाथ सिंह सहित उसमें सवार दो महिलाएं घायल हो गईं। स्थानीय लोगों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बुधवार की दोपहर नगरा-रसड़ा मार्ग पर सराय चावट के पास सड़क किनारे एक ट्रेलर खड़ा था। इस बीच रसड़ा की तरफ से आ रहे ई-रिक्शा ने सड़क पर खड़े ट्रेलर से बचकर आगे निकलने (पास लेने) का प्रयास किया। ई-रिक्शा जैसे ही आगे बढ़ा, सामने से आ रही तेज रफ्तार पिकअप से टक्कर हो गई। दुर्घटना में चालक शंभूनाथ सिंह (55) निवासी चन्द्रवार थाना नगरा, शांति देवी (52) निवासी बैजलपुर, कोतवाली रसड़ा, शांति देवी (55) निवासी कोथ कुरेम घायल हो गईं। घटना के तुरंत बाद आसपास के लोगों ने सभी घायलों को एम्बुलेंस से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। जहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
उधर हादसे के बाद मौका पाकर पिकअप चालक वाहन लेकर भाग गया। थाना प्रभारी संजय मिश्र ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।