नगर से सटे ओझाछपरा गांव में कोरोना संक्रमित युवक को ले जाने के लिए पहुंची एंबुलेंस।
- फोटो : BALLIA
बलिया। नगर से सटे तिखमपुर ग्राम सभा के ओझा के छपरा में रविवार को कोरोना पॉजिटव केस आने के बाद हड़कंप मच गया। प्रशासन ने गांव को सील कर दिया है। पूछताछ में संक्रमित युवक ने बताया कि वह दिल्ली से ट्रेन से 21 मई को बलिया पहुंचा। स्टेशन पर थर्मल स्क्रीनिंग के बाद उसे घर जाने के लिए छोड़ दिया गया। सैंपलिंग कराने और क्वारंटीन सेंटर में रहने की बात कहने के बाद भी प्रशासन ने कोई व्यवस्था नहीं की तो घर में 14 दिन तक क्वारंटीन रहा। एक जून को तबीयत खराब होने पर आशा बहू के माध्यम से अपना सैंपल दो जून को स्वास्थ्य विभाग को दिया था जिसकी रिपोर्ट रविवार को पॉजिटिव आई है। युवक ने बताया कि 14 दिन होम क्वारंटीन होने के बाद वह लेकर लापरवाह हो गया था। दो दिनों से वह मॉस्क का भी कम उपयोग कर रहा था। इस दौरान युवक परिवार समेत अन्य लोगों से भी मिला। ग्रामीणों की मानें तो वह गांव के बागीचे में अपने आयु के लड़कों के साथ लूडो भी खेलता था। युवक शादीशुदा है। सूचना पर पहुंची स्वास्थ्य टीम ने युवक को बसंतपुर स्थित एल-1 अस्पताल में भर्ती कराया। उधर, शहर कोतवाली क्षेत्र के रहमतनगर अमृतपाली में कोराना संक्रमित होने की जानकारी होते ही युवक घर से फरार हो गया। इसके बाद प्रशासन के हाथ पांव फूलने लगे। समाचार लिखे जाने तक युवक की धड़ पकड़ जारी थी। वहीं गांव को प्रशासन ने सील कर दिया।
-
दिल्ली से आया था दलन छपरा का युवक
लालगंज। विकास खंड मुरली छपरा के दलनछपरा पंचायत के सनाथ राय के टोला पुरवा में रविवार को एक कोरोना पॉजिटिव केस आने के बाद हड़कंप मच गया। स्वास्थ्य टीम व पुलिस महकमा युवक को लेकर बसंतपुर स्थित एल-1 अस्पताल में भर्ती किया। युवक ने बताया कि वह दिल्ली से 23 मई को
्ट्रेन से आया था और घर में होम क्वारंटीन था। बुखार की शिकायत पर तीन जून को स्वास्थ्य विभाग द्वारा सैंपलिंग की गई थी। ग्रामीणों ने बताया कि युवक ने पूर्णतया होम क्वारंटीन का पालन किया है कहीं घूमा नहीं है।