नरही थाने में जाली नोटों के साथ पकड़े गए आरोपी।
- फोटो : अमर उजाला
यूपी के बलिया में नरही पुलिस, स्वाट व सर्विलांस टीम ने शनिवार की रात 1.76 लाख के जाली नोट के साथ तीन लोगों को गिरफ्तार किया। जिनके पास से तीन कट्टा व छह जिन्दा कारतूस भी बरामद किया। नरही थाना प्रभारी गगन राज सिंह, उप निरीक्षक कुलदीप सिंह, स्वाट टीम बलिया के उपनिरीक्षक राजकुमार सिंह, सर्विलांस प्रभारी अश्विनी पांडेय, उप निरीक्षक संजय सरोज मुखबिर की सूचना पर भरौली पिकेट के पास मौजूद थे।
भरौली पेट्रोल पंप के पास दो लग्जरी कार के समीप तीन लोग दिखाई दिए, जो पुलिस को देखते ही गाजीपुर की तरफ़ भागने का प्रयास किया। जिन्हें टीम ने धर दबोचा। पकड़े गए आरोपियों ने पूछताछ में अपना नाम रकीब खां उर्फ आरज़ू पुत्र रफीक खान निवासी सारिमपुर थाना औधोगिक बक्सर बिहार, शेषनाथ यादव पुत्र नागेश्वर निवासी कपूरी नारायनपुर थाना फेफना बलिया तथा संजय यादव पुत्र चंद्रिका यादव निवासी चचया थाना नगरा बताया।
पकड़े गए अभियुक्तों के पास से 500 के 255 जाली नोट, 200 के 96 नोट तथा 100 के 293 जाली नोट बरामद किया। पकड़ी गई जाली नोट एक लाख 76 हजार बताई जा रही है। इसके अलावा अभियुक्तों के पास से तीन कट्टा व छह जिन्दा कारतूस भी बरामद किया गया। वहीं दो लग्जरी गाड़ी को पुलिस ने सीज कर दिया। पकड़े गए तीनों अभियुक्तों को पुलिस ने संबंधित धाराओं में चालान कर दिया। नरही थानाध्यक्ष ने बताया कि अभियुक्तों ने बताया कि वे लोग 500 रुपये के जाली नोट को 400 रुपये में परिवर्तित करते है।
इसी प्रकार 200 के जाली नोट को 150 तथा 100 रुपये के जाली नोट को 75 रुपये में परिवर्तित करते हैं। बताया कि हम लोग जाली नोट बदलने के लिए भरौली में आए हुए थे, यहां से बलिया जाते, लेकिन पुलिस द्वारा पकड़ लिए गए। बताया कि यह धंधा हम लोग चार माह से कर रहे है। गिरफ्तार करने वाली टीम में हेड कांस्टेबल श्याम सुंदर यादव, राकेश यादव, शशिप्रताप सिंह, रोहित यादव, अनूप सिंह, अतुल सिंह, अनिल पटेल, वेद प्रकाश दुबे, जसवीर सिंह, विजय राय आदि मौजूद रहे।