बलिया। नारी सशक्तीकरण को बढ़ावा देने के लिए चुनाव आयोग के निर्देश पर पिंक पुलिस बूथ की तरह ही पिंक वोटर बूथ बनेंगे। इसके लिए प्रशासन की ओर से तैयारियां पूरी की जा रही हैं। पिंक बूथों पर तैनात मतदान अधिकारी का पहला काम होगा कि वोटर की पहचान मतदाता सूची से करे तथा उसकी भाग संख्या और क्रमांक नोट करें। यदि कोई पोलिंग एजेंट किसी घूंघट या पर्दानशीं की पहचान को लेकर आपत्ति दर्ज कराता है तो मतदान अधिकारी उसका घूंघट या हिजाब हटाकर मतदाता सूची में दर्ज फोटो से मिलान करेगा।
जिले में अभी विधानसभा वार सात पिंक बूथ बनाए गए हैं। खास बात यह है कि इन मतदान बूथ पर पीठासीन अधिकारी, मतदान अधिकारी प्रथम, द्वितीय व तृतीय संग चतुर्थ श्रेणी कर्मी गुलाबी साड़ी में रहेंगी। इन बूथों की सुरक्षा भी महिला जवान संभालेंगी पिक बूथों पर मदद को मतदान सहेली भी तैनाती होगी। इन बूथों के चयन में उन्हें प्राथमिकता पर रखा गया है, जहां मतदान करने वालों में महिला वोटरों की संख्या पुरुषों से ज्यादा चिह्नित हुई।
मुख्य विकास अधिकारी प्रवीण वर्मा का कहना है कि महिला सशक्तीकरण के उद्देश्य से हर विधानसभा क्षेत्र में चिह्नित मतदान केंद्र के एक बूथ को बतौर पिंक बूथ विकसित किया गया है। चिह्नित पिंक बूथों पर महिला पीठासीन अधिकारी, मतदान अधिकारी प्रथम, द्वितीय और तृतीय व चतुर्थ कर्मचारियों की टोलियां तैनात होंगी।
----