विश्व दिव्यांग दिवस पर रविवार को जिले में विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान प्रतियोगिताओं आयोजन कर उन्हें सम्मानित भी किया गया। जबकि कई संस्थाओं ने उन्हें कंबल और गर्म कपड़े वितरित किए। इस दौरान वक्ताओं ने दिव्यांगों के प्रति दृष्टिकोण बदलने की जरूरत पर बल दिया।
कलेक्ट्रेट परिसर में अखिल भारतीय विकलांग संगठन के जिला इकाई की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के विभिन्न क्षेत्रों के आए विकलांगों की समस्याओं का सुना गया और इसके निस्तारण का वादा किया गया। संघ के संरक्षक धर्मेंद्र तिवारी ने कहा कि इस दिवस का आयोजन विकलांग जनों के सम्मान में किया जाता है। लेकिन वर्तमान समय में दिव्यांगों के प्रति सरकार और समाज के दृष्टिकोण बदलने की जरुरत है ताकि इनका विकास हो सके और समाज की मुख्य धारा से जुड़कर समाज की प्रगति में अपना योगदान दे सकें। रामकृपाल यादव ने कहा कि दिव्यांगों की समस्याओं को लेकर संघर्ष किया जाएगा।
इस मौके पर छट्ठू राय, संजय सिंह, उमेश कुमार, जवाहर चौहान, जितेन्द्र यादव, मंटू यादव, राधेश्याम यादव आदि थे। अध्यक्षता जगरनाथ तिवारी व संचालन रमेश कुमार ने किया।
दृष्टिबाधित एवं श्रवणबाधित बच्चों के एक्सीलेरेटेड लर्निंग कैंप विशुनीपुर तथा मिड्ढा कैंप के अध्ययनरत छात्रों को समारोह आयोजित कर सम्मानित किया गया। विभिन्न प्रतियोगिताओं में अव्वल रहे मूक बधिर छात्रों को नपा अध्यक्ष अजय कुमार ने मेडल तथा कप देकर सम्मानित किया। इसके साथ ही सभी छात्रों को एक-एक स्वेटर भी दिया गया। अजय कुमार ने कहा कि ये भी अपने बच्चों के समान है। दिव्यांग बच्चों की सेवा ईश्वर की सेवा के बराबर है। समेकित शिक्षा के जिला समन्वयक ओपी सिंह ने कार्यरत अध्यापक तथा केयरटेकर की सराहना की। इस मौके पर परवेज रोशन, अली औसत, आदिल अख्तर, जमील अहमद, शाकिर अहमद, विवेक तिवारी उपस्थित रहे। संचालन विवेक कुमार ने किया।
गंगा सेवा समिति तथा कांग्रेस के युवा नेता सागर सिंह राहुल के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को विश्व दिव्यांग दिवस पर गुरुद्वारा रोड में कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसमें दिव्यांगों के संग केक काटकर दिवस मनाया। कहा कि विश्व दिव्यांग दिवस पर सबको संकल्प लेना चाहिए की शारीरिक रुप से अक्षम लोगों को सहायता करें। इस मौके पर पूर्व सभासद राहुल रस्तोगी, आर्यन गुप्ता, अनुज अग्रहरि, कन्हैया अग्रवाल, राहुल कुमार, विककी कुमार मौजूद रहे।
बांसडीहरोड : क्षेत्र के चंद्रपुरा गांव स्थित अनिता कुटीर के प्रांगण में रविवार को राजा सुरथ सुरहा विकास सेवा समिति के तत्वावधान में अंतरराष्ट्रीय दिव्यांग दिवस मनाया गया। समिति के प्रबन्धक श्याम प्रकाश शर्मा ने कहा कि समाज में उनके साथ भी वैसा व्यवहार किया जाय जो अन्य किसी व्यक्ति के साथ किया जाता है। दिव्यांगों को समानता अधिकार मिले। इस मौके पर ग्राम प्रधान सुनीता देवी, अजय शर्मा, विशाल, शत्रुघ्न सिंह,भरत शमा आदि मौजूद रहे।