बांसडीहरोड। क्षेत्र के बलीपुर गांव में चोरों ने सोमवार की रात एक घर में लाखों की चोरी को अंजाम दिया। चोर करीब चार लाख से अधिक के सोने-चांदी के जेवरात के साथ नगदी ले गए हैं। सूचना के बाद पहुंची पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है। मिली जानकारी के अनुसार दिलीप पांडेय के घर के सभी सदस्य खाना खाने के बाद अलग अलग कमरों में सो गए। रात को किसी समय अज्ञात चोर मकान के पीछे से घर में घुसे और घर में सोए लोगों के कमरों के दरवाजों में बाहर से कुंडी लगा दी। इसके बाद एक कमरे में घुसकर उसमें रखा एक बक्सा सहित कीमती सामान उठा ले गए। सुबह परिवार के लोगों की नींद खुली तो उनके दरवाजे बाहर से बंद थे। तब उन लोगों ने शोर मचाया, शोर सुनकर पहुंचे आसपास के लोगों ने दरवाजा खोल उन्हें बाहर निकाला तो चोरी की जानकारी हो सकी। तब पुलिस को सूचना दी गई। चोरी की जानकारी के बाद पहुंचे छात्र नेता मानवेंद्र विक्रम सिंह ने कहा कि क्षेत्र में पुलिस की शिथिलता से लगातार चोरी की घटनाओं में वृद्धि हो रही है।