बैरिया। थाना अंतर्गत चक गिरधर मिल्की गांव में बृहस्पतिवार की रात घर में घुसे चोरों ने आलमारी तोड़कर उसमें रखा तीन महिलाओं का लाखों रुपए के सोने-चांदी के आभूषण तथा घर खर्च के लिए रखे गए करीब10 हजार रुपया नगदी पर हाथ साफ कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस जांच में जुटी है। मिली जानकारी के अनुसार चक गिरधर मिल्की गांव में श्रीप्रकाश तिवारी के परिवार के सदस्य शाम को खाना खाने के बाद सभी लोग अपने-अपने कमरों में सोने चले गए। घर के बाहर बरामदे में परिवार का एक सदस्य तथा नीचे के तले पर अपने कमरे में एक व्यक्ति सोए थे। गृह स्वामिनी उषा देवी छत के कमरे में अपने बहू के साथ सोई थी। भोर में उषा देवी जब अपने नीचे के कमरे में पहुंची तो दरवाजा खुला था और जब अंद गई तो देखा कि पलंग पर कपड़े तितर-बितर थे। आलमारी तोड़कर उसमें का सारा सामान बाहर निकाला गया था। यह देख उषा देवी चिल्लाने लगी। आलमारी तोड़कर उसमें रखा तीन महिलाओं का सोने का हार, कंगन, चूड़ी, टीका, चेन, अंगूठी, झुमका, बाली आदि सोने चांदी का करीब आठ लाख रुपया का आभूषण चोरी गया था। वही चोरों ने कमरे में सोए श्रीप्रकाश तिवारी के दरवाजे का बाहर से संकल चढ़ा दिया था। उषा देवी के शोर मचाने पर जुटे ग्रामीणों ने 112 डायल पुलिस पर फोन करना चाहा पर नंबर नहीं लगा। बाद में भोर में ही ग्रामीणों ने जाकर बैरिया थाने पर इसकी सूचना दे दी। शुक्रवार की सुबह मौके पर 112 डायल पुलिस और बैरिया थाने की पुलिस पहुंचकर जांच-पड़ताल में जुट गई है। श्री प्रकाश तिवारी के घर पर जूटे गांव के ग्रामीणों का कहना था कि चार पांच दशक के बीच में हमारे गांव में यह चोरी की पहली घटना है। इस घटना से ग्रामीणों में सुरक्षा के प्रति भय व्याप्त है।