नगर के सिविल लाइन वार्ड नंबर 12 में युवक का थर्मल स्क्रीनिंग करते स्वास्थ्यकर्मी।
- फोटो : BALLIA
बलिया। बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत नगर के सिविल लाइन वार्ड संख्या 12 में शुक्रवार को 300 लोगों की थर्मल स्क्रीनिंग की गई। इस दौरान कोई भी कोरोना का संदिग्ध नहीं मिला।
सिविल लाइन स्थित आवासीय भवनों में रह रहे लोगों की जांच शुरू हो गई है। क्षेत्र में स्वास्थ्य विभाग की तीन टीमें कार्यरत हैं। वार्ड-12 में 100 घरों के करीब 300 सदस्यों की जांच की गई। इनमें किसी में कोरोना के लक्षण नहीं मिले। मेडिकल टीम में मुरलीछपरा स्वास्थ्य केंद्र के एमओ डॉ. मनोज कुमार उपाध्याय और फार्मासिस्ट राजकुमार यादव मौजूद रहे। डा. उपाध्याय ने बताया कि जांच कई बिंदुओं पर हो रही है। थर्मल स्क्रीनिंग द्वारा बुखार की जांच की जा रही है। करीब-करीब सभी लोगों में बुखार 98 डिग्री के आस-पास ही आ रहा है। खांसी, जुकाम की शिकायत किसी में भी नहीं मिली। कहा कि हल्दी और अदरक का सेवन करना आवश्यक है। इससे भूख तो बढ़ेगी ही अन्य प्रकार से भी शरीर को राहत पहुंचेगी। टीम ने बताया कि जांच में सहयोग नहीं मिल रहा है। परिवार के सदस्य अपनी जांच कराने से कतरा रहे हैं।