बेल्थरारोड। बिजली निगम ने दिसंबर महीने के लिए बिजली आपूर्ति का नया शेड्यूल जारी किया है। इसके अनुसार शहरी क्षेत्र में ढाई और ग्रामीण इलाकों में छह घंटे कटौती होगी।
इस बार शहरी और ग्रामीण क्षेत्र के लिए बिजली कटौती का समय अलग-अलग निर्धारित किया गया है। अवर अभियंता विद्युत राम विलास खरवार ने बताया कि दिसंबर में पूरे क्षेत्र में निर्धारित समय के अनुसार ही बिजली आपूर्ति होगी। कटौती मुख्य रूप से लाइन चेकिंग, ट्रांसफाॅर्मर रखरखाव और ओवरलोड प्रबंध के लिए आवश्यक है। तहसील क्षेत्र के शहरी क्षेत्र में दिसंबर में प्रतिदिन दो बार अल्प अवधि के लिए बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी।
यह कटौती सुबह 8:00 बजे से 9:30 बजे तक और दोपहर 12:45 से 1:45 तक की जाएगी, वहीं ग्रामीण फीडर पर अधिक समय की नियमित कटौती निर्धारित की गई है यह कटौती सुबह 8:15 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक और अपराह्न 3:15 बजे से शाम 5:15 बजे तक लागू रहेगी। विभाग में स्पष्ट किया कि निर्धारित समय के अतिरिक्त अनावश्यक कटौती नहीं की जाएगी।
विभाग ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वह इस शेड्यूल के अनुसार अपने दैनिक कार्यों की योजना बनाकर व्यवस्था रखें।