पूर/रतसर। जनपद के सिकंदरपुर, रतसर और बांसडीह क्षेत्र के उपभोक्ताओं को शनिवार को बिजली संकट झेलना पड़ेगा। पावर ट्रांसमिशन कॉरपोरेशन लिमिटेड के विद्युत पारेषण उपखंड बलिया के अधिकारियों ने बताया कि उत्तर-प्रदेश पावर ट्रांसमिशन कारपोरेशन लिमिटेड इब्राहिमपट्टी के अधीन संचालित विद्युत उपकेंद्रों में अनुरक्षण कार्य के कारण इन क्षेत्रों में लगभग 9 घंटे आपूर्ति बाधित रहेगी।
अधिकारियों के अनुसार, 132/33 केवी विद्युत उपकेंद्र सिकंदरपुर और बांसडीह से जुड़े 400/132 केवी 200 एमवीए तथा 765-400 केवी 600 एमवीए के ट्रांसफाॅर्मर पर कार्य किया जाएगा। इस दौरान 33/11 केवी बांसडीह ग्रामीण, सिकन्दरपुर, बेल्थरारोड, रतसर, गौरा मदनपुरा, सैदपुरा, मनियर, सहतवार और रेवती क्षेत्रों की बिजली आपूर्ति सुबह 9:00 बजे से शाम 6:00 बजे तक बंद रहेगी। उपभोक्ताओं को सलाह दी गई है कि वे इस दौरान आवश्यक कार्य पहले ही निपटा लें और बिजली कटौती के मद्देनज़र वैकल्पिक व्यवस्था कर लें। कार्य पूरा होने के बाद बिजली आपूर्ति को सामान्य कर दिया जाएगा। संवाद