भीमपुरा स्थित जूनियर हाई स्कूल के प्रांगण में मृत पंक्षी कौआ की जांच करते पशु स्वास्थ टीम के सदस्
- फोटो : BALLIA
भीमपुरा। स्थानीय कंपोजिट जूनियर हाईस्कूल के प्रांगण में बुधवार की सुबह एक मृत पड़े कौए को देख शिक्षकों सहित अन्य कर्मचारियों में बर्ड फ्लू का दहशत फैल गया। शिक्षकों ने इसकी सूचना स्थानीय पशु अस्पताल को दी। जांच करने पहुंचे पशु चिकित्सा अधिकारी नगरा ने बताया कि बर्ड फ्लू नहीं, बल्कि ठंड से कौए की मौत हो गई है। जबकि बाजारवासियों की मानें तो दो दिन पहले भी मुर्गा बाजार में दो कौए मृत मिले थे।
स्थानीय बाजार में एक ही कैंपस में जूनियर हाईस्कूल, प्राथमिक, कन्या प्राथमिक, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय संचालित होता है। जूनियर हाइस्कूल के जर्जर भवन की तरफ एक कौआ मृत पड़ा दिखाई दिया। कौए के मरने की सूचना पाकर बर्ड फ्लू की दहशत से परिसर के सभी कर्मचारी घबरा गए। इसकी सूचना स्थानीय पशु अस्पताल पर दी गई। पशु अस्पताल से आए डॉ. अजय सिंह ने तत्काल इस घटना की जानकारी नगरा के क्षेत्रीय पशु अधिकारी को दी। मौके पर पहुंचे पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. बीएन पाठक की टीम ने मृत कौए की जांच करने के बाद कहा कि कौए की मौत ठंड से हुई है। उन्होंने अपने अधीनस्थों को कौए को कहीं खाली स्थान पर गाड़ने का निर्देश दिया। उनके निर्देश पर पशु अस्पताल के कर्मचारी ने कौए को खाली जमीन में गड्ढा खोदकर गाड़ दिया।