बलिया। दो दिनों से मौसम के तल्ख तेवर से जन जीवन बेहाल हो गया है। चिलचिलाती धूप और गर्म हवाओं ने हर किसी को बेहाल कर रखा है। आसमान में बादलों के आने व जाने का क्रम बना रहा लेकिन इससे राहत नहीं मिल पा रही थी। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार एक-दो दिन में बारिश व आंधी के आसार हैं।
सोमवार को अधिकतम तापमान 40 व न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। धूप ने सुबह आठ बजे ही अपना तेवर दिखाना शुरू कर दिया। गर्म हवाओं के चलते लोग मजबूरी में ही घर से बाहर निकले। दोपहर में सड़कों पर वाहन कम दिखे, वहीं बाजारों में सन्नाटा पसर गया। शाम को तापमान में कमी हाेने के बाद ही लोग बाजार में दिखे। गर्म हवाओं के झोंकों से लोग परेशान हो गए। हालत यह थी कि सड़कों पर पैदल और साइकिल से चलना मुश्किल हो रहा था। दिन चढ़ने के साथ-साथ धूप और गर्मी इतनी तेज होती गई कि बर्दाश्त से बाहर होने लगी। गर्मी के चलते राहगीर परेशान रहे। लोग गला तर करने के लिए ठंडा पानी व अन्य शीतल पेय का सहारा लेते रहें। कार्यालयों में भी कम लोग ही दिखाई दिए। बीच-बीच में बिजली कटौती लोगों की परेशानी का बढ़ा दे रही थी। पंखा व कूलर भी राहत नहीं दे पा रहे थे। भवनों से आंच निकलने से कमरों में रहना मुश्किल हो जा रहा था। सबसे अधिक दिक्कत महिला व बच्चों को हुई।