इंदरपुर। नगरा थाना क्षेत्र के सरयांबगडौरा गांव में मालती देवी के सूने मकान से चोर 25 हजार नकदी और आभूषण चुरा ले गए। गांव निवासी मालती देवी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह 10 अक्तूबर की शाम सुखपुरा थाना क्षेत्र के बेरुआरबारी स्थित अपनी पुत्री के घर गई थीं। घर पर ताला लगा हुआ था। इसी दौरान चोर अलमारी और बक्से का ताला तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात और नकदी चुरा ले गए। पीड़िता के अनुसार चोरी गए सामान में मंगलसूत्र, झुमका, नथिया, अंगूठी, पायल सहित अन्य जेवरात शामिल हैं। 25 हजार रुपये भी चोरी हुए हैं। वहीं, थानाध्यक्ष संजय मिश्र ने बताया कि अभी महिला की तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।