बांसडीह। क्षेत्र के हालपुर गांव में सोमवार की देर रात शादी वाले घर में चोरी करने पंहुचा चोर छत से गिर पड़ा। ग्रामीणों ने उसे पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। सरया बगडौरा गांव के इस चोर पर पहले से ही 13 मुकदमे दर्ज हैं। हालपुर गांव के कोटेदार संजय सिंह के घर नौ दिसम्बर को बारात आने वाली है। देर रात संजय सिंह के बगल में बबलू सिंह की छत पर चोर पहुंचे और संजय की छत पर जाने लगे। इसी दौरान बबलू की नींद खुल गई। हो हल्ला हुआ तो चोर भागने लगे। इस दौरान एक चोर छत से गिर पड़ा। मौके पर पंहुचे कोतवाली बांसडीह के एसआई अजय यादव ने गांव के लोगों के सहयोग से नगरा थाना क्षेत्र के सरया बगडौरा गांव निवासी अजय उफं गोलू को हिरासत में ले लिया। गोलू के पास से पेचकस, पिलास, व अन्य कई उपकरण बरामद किए गए। कोतवाल राजेश कुमार सिंह ने बताया कि गोलू के खिलाफ जनपद के कई थाना क्षेत्र में चोरी के 13 मुकदमे दर्ज हैं।