चौकिया मोड़। सीयर ब्लाक के बहुता चक उपाध्याय गांव के मौजा पुरापर के एक दर्जन से अधिक युवाओं ने तीन दिन तक श्रमदान कर सवा किमी खस्ताहाल चकरोड की मरम्मत की। गांव के लोगों ने युवाओं की प्रशंसा की है।
बहुता चक उपाध्याय गांव के पुरापर चकरोड का 15 वर्ष पूर्व निर्माण किया गया था। मरम्मत न होने से चकरोड जर्जर हो गई थी। इससे लोगों को आने जाने में दिक्कत हो रही थी। कई बार की शिकायतों के बाद भी किसी ने ध्यान नहीं दिया तो युवाओं ने गांव के लोगों की परेशानी को देखते हुए खुद चकरोड की मरम्मत करने की ठान ली। युवाओं ने टोली बनाई और चकरोड पर मिट्टी डालने का कार्य शुरू किया। युवाओं ने लगातार तीन दिन मेहनत कर चकरोड की मरम्मत की। युवाओं का कहना था कि यदि चकरोड का कार्य मनरेगा के तहत हो गया होता तो हम नौजवानों को इसके लिए आगे नहीं आना पड़ता। युवाओं के इस कार्य के दौरान सामाजिक कार्यकर्ता गीता देवी पत्नी देवेंद्र प्रसाद ने जलपान की व्यवस्था की। श्रमदान करने वालों में पवन कुमार, अजीत, अखिलेश, अनिल, बब्लू, नितन, उपेंद्र यादव, अमर, राहुल, मिंटू राजभर, दिनेश, रोहित, अभिषेक, अवनीश, सचिन, अमित, रानू, विकास, सचिन, सन्देश, अमन यादव, विवेक शामिल रहे।