सुखपुरा। कस्बा में किराए के मकान में रहकर लोगों का चौका-बर्तन कर अपना गुजर-बसर करने वाली विवाहिता ने कस्बे के पड़ोसी पर रविवार की रात बलात्कार करने का आरोप लगाया है। सुखपुरा पुलिस को दी गई तहरीर में महिला ने उल्लेख किया है कि वह अपने दो छोटे बच्चों के साथ कस्बा में ही किराये के मकान रहती है। वह लोगों के घरों में चौका बर्तन कर अपना और अपने दो मासूम बच्चों की परवरिश करती है। पति महाराष्ट्र के नासिक में प्राइवेट कंपनी में काम करता है। रविवार की रात वह खाना खाकर सो रही थी कि आधी रात को पड़ोस का एक युवक दीवार फांद कर घर में घुस गया और जबरदस्ती करने लगा। चिल्लाने और विरोध करने के बावजूद उसने जबरिया बलात्कार किया। उसके चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनकर जब तक पड़ोसी पहुंचे आरोपी भाग गया। पुलिस पीडि़त महिला की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर छानबीन कर रही है।