चिलकहर। गड़वार थाना के स्थानीय कस्बा में रविवार को वृद्ध महिला को गोली मारने के मामले का खुलासा पुलिस ने कर दिया। मुख्य आरोपी निसार अहमद व मो. सिराज अंसारी को त्रिकालपुर के समीप से गिरफ्तार कर लिया। इनकी निशानदेही पर बांस कोठी के पास झाड़ियों के बीच से घटना में प्रयुक्त तमंचा व कारतूस का खोखा बरामद किया।
थाना प्रभारी आरके सिंह ने बताया कि दुकान खाली करने को लेकर दोनों पक्षों में बहुत दिनों से विवाद चल रहा था। घटना की शाम पंचायत में वाहिदा खातून कपड़े की दुकान खाली करवाने पर अड़ी रही। इससे दोनों भाई आक्रोशित थे। रात में अंधेरा का फायदा उठाते हुए घर में घुस कर बरामदे में सोई वाहिदा खातून को लक्ष्य कर फायर कर दिया। गोली उनके कंधे पर जा लगी। दो भाग गए।
बेटी जमीला की शिकायत पर किराएदार दो सगे भाइयों निसार अहमद व सिराज अंसारी पर मुकदमा दर्ज कर लिया। मुखबिर की सूचना पर गड़वार बलिया रोड़ स्थित सीमेंट गोदाम के सामने त्रिकालपुर के पास से गिरफ्तार किया गया।