भीमपुरा। मऊ–भटनी रेलखंड के कीड़िहरापुर रेलवे क्रॉसिंग पर शनिवार दोपहर एक टेंपो बूम में फंसकर पलट गया। राहगीरों ने मौके पर पहुंचकर टेंपो को उठाया। क्रॉसिंग में टेंपो फंसने से बूम बीच से टूट गया।
बूम क्षतिग्रस्त होने से दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। 15050 अप गोरखपुर–हावड़ा एक्सप्रेस को कीड़ीहरपुर रेलवे स्टेशन पर करीब 30 मिनट तक रुकना पड़ा। स्लाइडर बूम बंद करने के बाद ट्रेन रवाना हुई। कीड़िहरापुर स्टेशन मास्टर सुरेंद्र राम ने बताया कि दोपहर 1:49 बजे अप गोरखपुर–हावड़ा एक्सप्रेस मऊ की तरफ जाने के लिए गेट मैन क्राॅसिंग बंद कर रहा था। उसी दौरान तेज रफ्तार से यात्रियों को लेकर भीमपुरा बाजार की तरफ जा रही टेंपो क्राॅसिंग के बूम से टकरा कर पलट गई। अन्य लोगों ने दौड़कर टेम्पो को उठाया, और सवारियों को सुरक्षित बाहर निकाल टेम्पो को ट्रैक से हटाया। टेंपों के टक्कर से दूसरा बूूम क्षतिग्रस्त हो गया। गेटमैन ने टेंपो को पकड़ लिया, ट्रेन को स्टेशन पर रोका गया। स्लाइडर बूम से क्राॅसिंग बंद होने से काॅसन से ट्रेन को गुजारा गया।