बलिया। बलिया स्थापना दिवस के अवसर पर संकल्प साहित्यिक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक संस्था की ओर से रविवार को श्रीमुरली मनोहर टाउन स्नातकोत्तर महाविद्यालय के मनोरंजन हाल में नाटक ‘महानायक मंगल पांडेय’ का प्रभावशाली मंचन किया गया।
वरिष्ठ रंगकर्मी आशीष त्रिवेदी द्वारा लिखित एवं निर्देशित इस नाटक में 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम के महानायक मंगल पांडेय के साहस, संघर्ष और आत्मबलिदान को कलाकारों ने जीवंत कर दिया। मंचन के माध्यम से यह संदेश देने का प्रयास किया गया कि स्वतंत्रता केवल एक ऐतिहासिक उपलब्धि नहीं, बल्कि असंख्य क्रांतिकारियों के त्याग, संघर्ष और बलिदान का परिणाम है।
नाटक में बताया गया कि 1857 के विद्रोह का तात्कालिक कारण चर्बी लगे कारतूस थे, लेकिन इसके पीछे अंग्रेजों का भारतीयों पर दमन, अत्याचार और शोषण की लंबी कहानी भी थी। इन्हीं परिस्थितियों ने विद्रोह की पृष्ठभूमि तैयार की।
मंगल पांडेय का जीवन आज भी अन्याय के विरुद्ध आवाज उठाने और अपने सिद्धांतों के लिए संघर्ष करने की प्रेरणा देता है।
नाटक में मंगल पांडेय की भूमिका निभा रहे राहुल चौरसिया ने अपने शानदार अभिनय से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
अंग्रेज अधिकारी हियरशन की भूमिका में तुषार पांडेय और मुखिया की भूमिका में अनुपम पांडेय के अभिनय की भी सराहना हुई। इसके अलावा रितिक गुप्ता, यश गुप्ता, प्रियांशु चतुर्वेदी, रिया वर्मा, भाग्यलक्ष्मी, खुशी कुमारी, लक्की पांडेय, रेखा, आरती, सुशील तिवारी, करन और शाहिल चौरसिया ने भी अपनी भूमिकाओं के साथ न्याय किया।
नाटक में संगीत की जिम्मेदारी शैलेंद्र मिश्र और कृष्ण कुमार यादव ‘’मिट्ठू’’ ने संभाली। लाइट व्यवस्था रिजवान, सेट राहुल और तुषार ने तैयार किया। ट्विंकल गुप्ता ने कलाकारों की वेशभूषा की जिम्मेदारी निभाई। मंच व्यवस्था में अरविंद गुप्ता, स्मिता पांडेय और काव्या गुप्ता का योगदान रहा। इससे पहले साहित्यकार डॉ. जनार्दन राय, परिवहन मंत्री के अनुज धर्मेंद्र सिंह, धीरज सर्राफ, डीपीओ डॉ. अमरेंद्र पोत्साययन और भानु प्रकाश सिंह ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।