मौसम की मार झेल चुके किसानों को अब राहत देने की बात आई तो इसका श्रेय लेने की होड़ नेताओं में बढ़ गई है। होड़ इस कदर है कि सपा नेता गालीगलौज पर उतारू हो जा रहे हैं। गुरुवार को ऐसा ही एक मामला देवडीह गांव में आया।
दैवी आपदा राहत चेक वितरण को लेकर गुरुवार को देवडीह गांव में ग्रामीणों और सपा नेताओं के बीच झड़प हो गई।
दरअसल किसानों में चेक बांटने के लिए गुरुवार को लेखपाल, कानूनगो तथा नायब तहसीलदार गांव पर पहुंचे थे। इस दौरान कुछ सपा नेता अपने हाथ से चेक देने की जिद पर अड़ गए, जो किसानों को पसंद नहीं आया। बस किसान नाराज हो गए। इस दौरान सपा नेताओं ने जमकर गालीगलौज दिया।
आखिरकार चेक वितरण नहीं हुआ। इसकी सूचना नायब तहसीलदार ने तुरंत एसडीएम अनुज कुमार सिंह को दी गई। जिन्होंने नाराजगी जताते हुए दो टूक कहा है कि ये प्रशासनिक काम है। इसमें किसी प्रकार का हस्तक्षेप कानून के खिलाफ है।