गौरी शंकर कन्या महाविद्यालय के बीए संकाय के स्काउट गाइड प्रशिक्षण शिविर का समापन और राष्ट्रीय सेवा योजना के शिविर का उद्घाटन मुख्य अतिथि सतीशचंद्र डिग्री कालेज के प्राचार्य अशोक कुमार उपाध्याय ने शनिवार को किया।
इस दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसमें छात्र-छात्राओं ने नाटक से सामाजिक कुरीतियों पर कुठाराघात किया। इस अवसर पर छात्रों को संबोधित करते हुए अशोक कुमार उपाध्याय ने कहा कि श्रम से जुड़ने पर ही राष्ट्र की प्रगति होगी।
युवा वर्ग कर्तव्य निष्ठा और अनुशासन के साथ राष्ट्र के प्रति दायित्वों का निर्वहन करे, तो निश्चित रूप से राष्ट्र प्रगति के पथ पर चल पड़ेगा। कहा कि स्काउट गाइड, राष्ट्रीय सेवा योजन व एनसीसी तीनों का उद्देश्य एक ही हैं। तीनों हमें हर मौके पर राष्ट्र सेवा का अवसर प्रदान करते हैं।
इस मौके पर महाविद्यालय के बीएड की छात्राओं ने एक से बढ़कर एक सांस्कृतिक कार्यक्रमों को प्रस्तुत किया। इसमें लोकनृत्य, रिकार्डींग डांस, भ्रूण हत्या, दहेज हत्या, प्रौढ़ शिक्षा और अंधविश्वास पर आधारित लघु नाटकों का मंचन किया।
महाविद्यालय के बीए संकाय के स्काउट गाइड के द्वितीय प्रशिक्षण में प्रशिक्षितों ने आपात स्थिति में खुद को व्यवस्थित करने के साथ समाज की रक्षा किस प्रकार करेंगे, ऐसे आवश्यक टिप्स दिए।