बांसडीहरोड। थाना क्षेत्र के घोरौली गांव में बुधवार की देर शाम मनबढ़ों ने एक दुकानदार को धारदार हथियार से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। आसपास के लोगों ने घायल दुकानदार को जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने वाराणसी के लिए रेफर कर दिया। ट्राॅमा सेंटर में गंभीर हालत में इलाज चल रहा है।
गांव निवासी राजा गुप्ता (22) बुधवार की देर शाम किराना दुकान बंद करके घर पैदल जा रहा था। इसी बीच करीब छह की संख्या में मनबढ़ युवकों ने उस पर हमला बोल दिया। धारदार हथियार से वार होने से दुकानदार लहूलुहान हालत में जमीन पर गिर कर छटपटाने लगा। आसपास के लोगों ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
पीड़ित के घरवालों ने बताया कि बुधवार को दिन में भी मनबढ़ युवकों ने दुकान पर पहुंचकर धमकी दी थी। मामूली बात समझकर पुलिस को उस समय सूचना नहीं दी गई। थानाध्यक्ष अजय पाल ने बताया कि मामले में तहरीर अभी नहीं मिली है। घायल को मेडिकल के लिए भेजा गया है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाएगी। संवाद