जल्द ही जिले के गाजीपुर-तुर्तीपार मार्ग के दिन बहुरेंगे। मार्ग की मरम्मत के लिए शासन ने लोक निर्माण विभाग को 10.14 करोड़ दिया है। विभाग ने 30.606 किलोमीटर मार्ग की मरम्मत व नवीनीकरण करने के लिए टेंडर जारी कर दिया है। गाजीपुर-तुर्तीपार मार्ग कठवां मोड़ से कासिमाबाद, रसड़ा, नगरा, बेल्थरारोड होते हुए तुर्तीपार तक जाता है। यह मार्ग गाजीपुर व बलिया को जोड़ता है। इस मार्ग से होकर लोग देवरिया, गोरखपुर और बिहार के सिवान जाते है। मार्ग क्षतिग्रस्त होने से आवागमन में लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2022-23 के में लोक निर्माण विभाग की ओर से मार्ग के की मरम्मत के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा गया था। शासन ने प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। एक जून से सात जून तक ई-टेंडरिंग प्रक्रिया चलेगी। इसके बाद एजेंसी का चयनकर कार्य शुरू करा दिया जाएगा। 30.606 किमी सड़क की मरम्मत व नवीनीकरण का कार्य नौ माह में पूरा हो जाएगा। वाराणसी व पूर्वोत्तर राज्यों तक जाने के लिए मार्ग उपयोगी
गाजीपुर-तुर्तीपार मार्ग के दुरुस्त होने से जिले के बेल्थरारोड, सिकंदरपुर, नगरा, रसड़ा आदि क्षेत्र के लोगों को वाराणसी आना-जाना आसान हो जाएगा। व्यावसायिक दृष्टिकोण से भी यह मार्ग प्रमुख है। इससे गाजीपुर, वाराणसी, देवरिया, गोरखपुर के साथ ही बिहार व पूर्वोत्तर के राज्यों तक तक व्यापार होता है।
गाजीपुर-तुर्तीपार मार्ग के करीब 30 किमी के सामान्य मरम्मत व नवीनीकरण का कार्य होना है। इसके लिए शासन से स्वीकृति मिल गई है। टेंडर की प्रक्रिया शुरु कर दी गई है। टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद कार्य शुरू कराया जाएगा।
- सीपी गुप्ता, अधीक्षण अभियंता, लोक निर्माण विभाग, बलिया वृत्त।