बैरिया। क्षेत्र में अचानक चली तेज हवा के साथ हुई बारिश से लोगों को थोड़ी देर के लिए राहत जरूर मिली लेकिन तेज हवा की वजह से क्षेत्र भर की बिजली लगभग चार घंटे से गुल हो गई। वहीं हल्की बारिश के बाद शुरू हुई उमस भरी गर्मी से लोग बेहाल हैं।
बिजली की आपूर्ति कब तक बहाल होगी कहना मुश्किल है। बिजली विभाग के अधिकारियों का कहना है कि लाइनमैनों को फाल्ट खोजने के लिए लगाया गया है। अवर अभियंता देहात विनोद भारद्वाज ने बताया कि मेन लाइन सही हैं।
कुछ देर में बिजली की आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी। वहीं, अवर अभियंता टाउन सुनील पाल का कहना है कि तेज हवा चलने की वजह से 33 हजार मेन लाइन में फाल्ट आई हैं जिसे ठीक किया जा रहा है। फाल्ट ठीक होते ही बिजली की आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी। बिजली उपभोक्ताओं का कहना हैं कि क्षेत्र में जब कभी भी तेज हवा चलती है बिजली कम से कम चार से पांच घंटे के लिए गुल हो जाती हैं।
उधर, अचानक हुई बरसात को सब्जियों की खेती के लिए शुभ माना जा रहा हैं। तेज धूप से मुरझा रही सब्जियों को बरसात ने तरोताजा कर दिया हैं। किसानों का कहना है कि सब्जियों के लिए यह बरसात बहुत लाभदायक है।