अवाया विद्युत उपकेंद्र का निरीक्षण करते क्षेत्रीय विधायक हंसू राम।जागरुक पाठक
बलिया। अवाया विद्युत उपकेंद्र के सोनाडीह फीडर की नई लाइन बंद होने पर मंगलवार को बेल्थरारोड विधायक हंसू राम ने बिजली निगम के अधिकारियों को फटकार लगाई। फॉल्ट दूर नहीं होने का कारण पूछने पर जेई रामविलास खरवार ने लोकेटर के अभाव का हवाला दिया। इस पर विधायक नाराज हो गए और दो दिन के भीतर फॉल्ट खोजकर बिजली आपूर्ति बहाल करने का अल्टीमेटम दिया।
मंगलवार दोपहर करीब दो बजे औचक निरीक्षण करने पहुंचे विधायक ने सोनाडीह फीडर की नई लाइन बंद मिलने पर जेई से जवाब मांगा। जेई ने बताया कि सड़क चौड़ीकरण के दौरान केबल कट जाने से लाइन में खराबी आई है और लोकेटर उपलब्ध नहीं होने से फॉल्ट का पता नहीं चल पा रहा है। इस पर विधायक ने तत्काल जिला मुख्यालय के अधीक्षण अभियंता से फोन पर बात कर आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने और समस्या का समाधान कराने को कहा। विधायक ने बेल्थरारोड में जेई की कमी, स्थानांतरण के बाद कर्मचारी के रिलीव न होने तथा एसडीओ की कार्यप्रणाली पर भी नाराजगी जताई। उन्होंने स्पष्ट किया कि संसाधनों के अभाव का हवाला देकर बिजली आपूर्ति प्रभावित रखने को स्वीकार नहीं किया जाएगा। गौरतलब है कि विधायक हंसू राम ने करीब दो माह पूर्व ही अवाया उपकेंद्र पर सोनाडीह फीडर की नई लाइन का शुभारंभ किया था। महज दो माह में नई लाइन बंद होने से उपभोक्ताओं में नाराजगी है।