बलिया। बांसडीहरोड थाना के टकरसन निवासी राजेश सिंह मिन्टू हत्याकांड का मुख्य आरोपी पचास हजार का इनामी टकरसन निवासी मंजीत यादव
सोमवार की भोर में जनेश्वर मिश्र सेतु के पास मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस अधीक्षक देवेंद्र नाथ ने बताया कि कोतवाली पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि 25 जून 2020 को महावीर घाट पर हुई राजेश सिंह मिंटू की हत्या का मुख्य आरोप मंजीत यादव जनेश्वर मिश्र सेतु पार करके बिहार भागने की फिराक में है। इसे गंभीरता से लेते हुए पहुंची पुलिस टीम जनेश्वर मिश्र सेतु पार कर चौराहे पर दुकानों की आड़ में छिपकर इंतजार करने लगी। कुछ समय बाद एक युवक दुबहर की ओर से आता हुआ दिखाई दिया। जब पुलिस टीम ने उसे पकड़ना चाहा तो उसने पुलिस टीम फायर कर दिया। पुलिस टीम ने खुद का बचाव करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए बदमाश ने पूछताछ में अपना नाम व पता मंजीत यादव पुत्र चंद्रमा यादव निवासी टकरसन थाना बांसडीहरोड बताया। उसके खिलाफ शहर कोतवाली में धारा 302, 307, 120बी के तहत मुकदमा दर्ज है और यह वांछित एवं इनामी अपराधी है। पूछताछ में पता चला कि 25 जून 2020 को राजेश सिंह उर्फ मिंटू सिंह निवासी टकरसन थाना बांसडीह रोड जनपद बलिया की महावीर गंगा घाट व हनुमान मंदिर के बीच में गोली मारकर हत्या कर दी थी। इसके बाद से फरार चल रहा था। जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस उप महानिरीक्षक आजमगढ़, परिक्षेत्र आजमगढ़ द्वारा 50 हजार रुपये का पुरस्कार घोषित किया गया था। गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में शहर कोतवाल विपिन सिंह, ओक्डेनगंज चौकी प्रभारी अतुल कुमार मिश्रा, उप निरीक्षक अजय यादव, आरक्षीगण गौरव प्रताप सिंह, कमलेश कुमार, संदीप गिरि आदि रहे।