नगर के निकाले गए महावीरी झंडा जुलूस का ड्रोन से निगरानी करते पुलिसकर्मी।संवाद
बलिया। शहर में ऐतिहासिक महावीरी झंडा जुलूस शुक्रवार को निर्धारित रूट से शांतिपूर्ण ढंग से निकला। जुलूस में शहर की नौ प्रमुख कमेटियों के अखाड़े शामिल हुए। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस-प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रही। संवेदनशील स्थानों पर बैरिकेडिंग के साथ ही ड्रोन और हाई रिजॉल्यूशन सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की गई।
महावीरी झंडा जुलूस दोपहर बाद निकला। सुरक्षा को लेकर रेंज की फोर्स मुस्तैद रही। सुरक्षा व्यवस्था में दो अपर पुलिस अधीक्षक, सात क्षेत्राधिकारी, 29 थानाध्यक्ष/हेड एसओ, 12 निरीक्षक और 199 उपनिरीक्षक तैनात रहे। इसके अलावा करीब 1200 पुरुष और 100 महिला पुलिसकर्मियों के साथ एक प्लाटून पीएसी, होमगार्ड व पीआरडी जवान तैनात रहे।
दोपहर बाद चित्तूपांडेय चौराहा, एससी कॉलेज चौराहा और जगदीशपुर की ओर से शहर में वाहनों की एंट्री देर रात तक बंद रही। ऊंचे भवनों की छतों और प्रमुख चौराहों पर जवान तैनात रहे भीड़ के बीच सादे कपड़ों में पुलिसकर्मी तैनात रह कर भीड़ में संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखते रहे। विशुनीपुर में बनाए गए अस्थायी कंट्रोल रूम से मस्जिद, स्टेशन रोड, चौक क्षेत्र के संवेदनशील चौराहों और मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के जरिये निगरानी की गई। प्रत्येक कमेटी के साथ एक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई थी। एसपी ओमवीर सिंह और एएसपी दक्षिणी संजय वर्मा ने जुलूस की सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया। एएसपी देर रात तक विशुनीपुर और ओक्डेनगंज चौकी में मौजूद रहकर सुरक्षा व्यवस्था पर नजर बनाए रहे।