गड़वार में सरदार बल्लभ भाई पटेल की जयंती पर आयोजित प्रतियोगिता के सम्मानित प्रतिभागियों के साथ
बलिया। जननायक चंद्रशेखर विश्वविद्यालय में लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर मध्यकालीन एवं आधुनिक इतिहास विभाग की ओर से ‘सरदार पटेल : व्यक्तित्व एवं कृतित्व’ विषय पर संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कुलपति प्रो. नरेंद्र कुमार शुक्ल के संरक्षण एवं कुलसचिव एसएल पाल के निर्देशन में आयोजित संगोष्ठी में वक्ताओं ने सरदार पटेल के जीवन, व्यक्तित्व और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला।
विभाग के सहायक आचार्य डॉ. शैलेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि विभाजन के बाद देश में बनी अफरातफरी के बीच 562 रियासतों का भारत में विलय सरदार पटेल का सबसे महत्वपूर्ण योगदान रहा। उनकी दूरदर्शिता और निर्णय क्षमता की याद में गुजरात में 182 मीटर ऊंची स्टैच्यू ऑफ यूनिटी स्थापित की गई है, जो उनके योगदान की याद दिलाती है।
कहा कि सरदार पटेल अद्भुत कर्तव्यनिष्ठा के धनी थे। एक बार अदालत में बहस के दौरान उन्हें पत्नी के निधन का तार मिला लेकिन उन्होंने उसे जेब में रखकर अपनी बहस पूरी की। बारदोली में किसानों का सफल नेतृत्व करने के बाद महिलाओं ने उन्हें ‘सरदार’ की उपाधि दी।
इस अवसर पर भारत की पूर्व प्रधानमंत्री दिवंगत इंदिरा गांधी की पुण्यतिथि पर उन्हें भी विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की गई। संगोष्ठी में विभाग के विद्यार्थियों ने भी अपने विचार रखे। रानी ने कार्यक्रम का संचालन किया तथा निधि ने स्वागत किया तथा आदित्य ने धन्यवाद ज्ञापित किया। इस मौके पर डॉ. विनीत सिंह सहित विभाग के शिक्षक, विद्यार्थी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।