कस्बा के गांधी पार्क में अमर उजाला द्वारा आयोजित चौपाल में कस्बा के वार्ड नंबर-छह निवासी श्रीमती बेबी गोंड पत्नी मिठ्ठू ने अपर जिलाधिकारी केपी सिंह को पत्रक सौंप मेघालय में माओवादियों द्वारा अपहृत पति को मुक्त कराने की मांग की। साथ ही राशन कार्ड बनाकर खाद्यान्न उपलब्ध कराने की मांग की।
पत्रक के जरिए बताया कि मेरे पति मिठ्ठू गोंड तथा कस्बा के ही वार्ड नंबर-23 का रहने वाला मेरा भांजा संजय गोंड, बैजलपुर निवासी मानिक चंद्र गुप्ता, जल्पा स्थान निवासी अशोक गुप्ता तथा बिहार के आरा जिला निवासी सुनील गुप्ता मेघालय के गारो हिल्स में व्यापार करते थे। उन्हें माओवादियों ने 25 मार्च 2014 को अगवा कर लिया। उनके द्वारा परिवार के सदस्यों से 50-50 लाख रुपये डिमांड की गई। उन्होंने आरोप लगाया कि इन लोगों को छुड़ाने के लिए कस्बा के जल्पा स्थान निवासी भरत गुप्ता ने कहा था कि 10 लाख रुपये तुम लोग दे दो, हम तुम लोगों के पतियों को छुड़वा देंगे। हम लोगों ने कर्ज लेकर 10 लाख रुपया भरत गुप्ता को दिए। लेकिन अब तक वे लोग पति न माओवादियों के चंगुल से नहीं छूटे। उन्होंने मांग किया कि भरत गुप्ता को गिरफ्तार कर पैसे एवं अपहृत पति के बारे में पूछताछ कर कार्रवाई की जाय। बेबी ने बताया कि मेरे आगे पीछे कोई नहीं है और ना ही शासन-प्रशासन से कोई सुविधा उपलब्ध है। उसने राशन कार्ड एवं शासन से मिलने वाली सुविधा दिलाने की मांग की।
एडीएम केपी सिंह ने आश्वासन दिया कि केंद्र सरकार के साथ मेघालय सरकार को पत्र पुन: भेजा जाएगा। साथ ही राशन कार्ड एवं अनाज उपलब्ध कराने के लिए चेयरमैन को निर्देश दिया।