सुरेमनपुर रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार को बसपा नेता सुभाष यादव के स्वागत के लिए उमड़ी कार्यकर्ताओं की भीड़।
विधानसभा चुनाव के मद्देनजर शुक्रवार को सुरेमनपुर रेलवे स्टेशन पर आचार संहिता की धज्जियां उड़ती नजर आयी, जहां बसपा नेता सुभाष यादव के स्वागत के लिए सैकड़ों लोगों की भीड़ जुटी थी। अनुमति से अधिक संख्या में वाहनों का काफिला तथा भीड़ पहुंची थी।
बहुजन समाज पार्टी के नव नयुक्त भाईचारा कमेटी के आजमगढ़ मंडल अध्यक्ष सुभाष यादव के स्वागत के लिये शुक्रवार को एक हजार से अधिक कार्यकर्ताओं की भीड़ सुरेमनपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म पर पहुंची थी। प्लेटफार्म पर स्वागत में ढोल नगाड़े बजाए गए और जमकर नारेबाजी भी की गई। उड़नदस्ता के मजिस्ट्रेट विजय शंकर राय, थाना बैरिया के एसआई के कई बार आचार संहिता की बात कहने के बाद भी उनकी नहीं सुनी गई।
पुलिस अधिकारियों की माने तो अनुमति सिर्फ तीन वाहनों की ली गई थी लेकिन काफिले में दर्जनभर से अधिक वाहन चल रहे थे, जबकि भीड़ भी एक हजार से अधिक थी। वहीं इस बारे में सुभाष यादव ने माना कि सैकड़ों की संख्या में लोग थे। हालांकि उन्होंने ये सफाई दी कि किसी को बुलाया नहीं गया था। सभी उनका स्वागत करने खुद ही आए थे।
इस बारे में सुरेमनपर रेलवे स्टेशन अधीक्षक एपी मिश्र ने कहा कि उन्हें पहले से इसकी कोई सूचना नहीं दी गई थी। अचानक से प्लेटफार्म पर भीड़ उमड़ने से भगदड़ मच सकती थी। इस मामले से विभागीय अधिकारियों को अवगत कराएंगे। क्षेत्राधिकारी बैरिया त्रियंबक नाथ दुबे ने कहा कि उड़नदस्ता के मजिस्ट्रेट विजय शंकर राय, एसआई सुरेंद्र सिंह ने वीडियोग्राफी कराई है। इसकी सीडी बनाकर संयुक्त रिपोर्ट जिलाधिकारी के पास भेजी जा रही है। उनके निर्देशानुसार उचित कार्रवाई की जाएगी।