नगर के ओक्डेनगंज पुलिस चौकी के सामने सड़क जाम करते पीड़ित दुकानदारों के परिजन साथ में व्यापारी।
- फोटो : BALLIA
बलिया। गत दिनों नगर के शहीद पार्क चौक स्थित जड़ी-बुटी की दुकानों पर वाइल्ड लाइफ टीम और वन विभाग की ओर से छापेमारी की गई। इस मामले में पुलिस ने प्रतिबंधित सामानों को बरामद कर पांच दुकानदारों को एफआईआर दर्ज कर जेल भेज दिया। शुक्रवार को टीम में शामिल वाइल्ड लाइफ विभाग के अधिकारी के फर्जी होने समेत कई अन्य आरोपों को लेकर दुकानदारों के परिजन और व्यापारी ओक्डेनगंज चौकी के सामने धरने पर बैठ गए।
व्यापार मंडल और दुकानदारों के परिजन डीएफओ को मौके पर बुलाने की मांग करने लगे। दुकानदारों के परिजनों का कहना है कि वन विभाग के अधिकारी और वाइल्ड लाइफ टीम के फर्जी अधिकारी की ओर से हम लोगों की दुकानों पर छापेमारी की गई। वन विभाग और पुलिस की टीम ने दुकानों के सामानों जांच के नाम पर बर्बाद कर दिया। दुकानदारों पर मुकदमा दर्ज कर भेज दिया। आरोप लगाया कि वाइल्ड लाइफ टीम का उक्त अधिकारी इससे पहले कई स्थानों में ऐसी वारदात करते हुए गिरफ्तार हो चुका है। उसे इस तरह छापा मारकर दुकानदारों से अवैध तरीके से वसूली मामले में गिरफ्तार किया गया था। परिजनों का कहना है कि पुलिस द्वारा पकड़े गए दुकानदारों को तत्काल छोड़ा जाए। साथ ही उन पर दर्ज मुकदमों को वापस लिया जाए। वहीं, इस संबंध में डीएम सौम्या अग्रवाल ने कहा कि हो सकता है कि उक्त व्यक्ति इनफार्मर हो। फिर भी उक्त मामले को दिखवाया जाएगा।