जिला अस्पताल में चिकित्सक और स्वास्थ्य कर्मचारी कितनी सजगता से काम करते हैं, यह शनिवार को देखने को मिला। चोरों की पिटाई से घायल एक मरीज का दाया पैर फैक्चर था लेकिन डाक्टर ने रिपोर्ट में बायां लिखा।
जब मरीज का एक्सरे कराने पहुंचे तो लैब टेक्नीशियन ने यह कहकर लौटा दिया कि इसमें तो बायां पैर लिखा है। इसके बाद तीमारदारों ने सीएमओ से शिकायत की। सीएमओ की फटकार पर जब फिर से सही रिपोर्ट बनाई गई तो मरीज का एक्सरे हो सका। इस दौरान मरीज घंटों तड़पता रहा।
मनियर थाना क्षेत्र के कस्बा निवासी गोपाल चौरसिया को शुक्रवार रात में चोरों ने मारपीट कर घायल कर दिया था। घरवाले सुबह उसे घायलावस्था में जिला अस्पताल ले आए। दूसरे दिन शनिवार को डाक्टर ने उसकी रिपोर्ट तैयार की। इसे लेकर जब तीमारदार एक्स-रे कराने पहुंचे तो लैब टेक्नीशियन ने लौटा दिया कि रिपोर्ट गलत है।
इस पर तिमारदार ने पूछा कि डाक्टर साहब बनाए हैं और भेजा है। रिपोर्ट कहां से गलत हो गई। इस पर लैब टेक्नीशियन ने समझाते हुए कहा कि रिपोर्ट में लेफ्ट लेग लिखा है। जबकि मरीज का दाहिना पैर टूटा है। इस पर तीमारदार सीएमओ के पास पहुंचे।