सांसद भरत सिंह के आवास विकास स्थित संसदीय कार्यालय पर पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और पदाधिकारियों की बैठक शनिवार को हुई। इसमें सांसद ने आगामी 23 नवंबर को रेलमंत्री सुरेश प्रभु के आगमन को लेकर तमाम बिंदुओं पर विचार-विमर्श किया। बताया कि रेलमंत्री बलिया रेलवे स्टेशन को बड़ी सौगात देंगे।
सांसद भरत सिंह ने कहा कि चुनाव जीतने के बाद कई बार अथक प्रयास के बाद रेलमंत्री सुरेश प्रभु का कार्यक्रम 23 नवंबर को दस बजे रेलवे स्टेशन प्रांगण में होने वाला है। यह कार्यक्रम 18 साल बाद बलिया रेलवे स्टेशन पर आयोजित होने वाला है।
कहा कि शुरू से मेरा सपना रहा है कि बलिया लोकसभा क्षेत्र के लोगों को बेहतर रेल सुविधाएं उपलब्ध करा दूं। इसके लिए प्रयासरत भी रहा हूं। जिले में होने वाले कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाना हम सभी का कर्तव्य है। उन्होंने आश्वस्त किया कि रेलमंत्री जनपदवासियों को बड़ी सौगात देंगे।
कहा कि बलिया के विकास के लिए अंतिम दम तक लड़ता रहूंगा। उन्होंने कार्यक्रम में अधिक से अधिक लोगों को भाग लेने की अपील की। बैठक में मुख्य रूप से विनोद शंकर दुबे, पूर्व विधायक मंजू सिंह, भगवान पाठक, माधव प्रसाद गुप्ता, नकुल चौबे, सुरेंद्र सिंह, मनोज श्रीवास्तव, प्रदीप सिंह, राजेश गुप्ता, अजय दुबे, सच्दिानंद सिंह, संतोष कुमार, धर्मेंद्र सिंह आदि उपस्थित रहे।