भीमपुरा बाजार में जिला परिषद के नवनिर्मित मार्केट के सामने अवैध भवन को गिरवाते
- फोटो : BALLIA
भीमपुरा। उपजिलाधिकारी बेल्थरारोड ने शनिवार को भीमपुरा बाजार में नवनिर्मित जिला परिषद मार्केट के सामने स्थित मकान को जेसीबी से गिरवाकर अतिक्रमण साफ कराया। जिला परिषद की ओर से बनाए गए मार्केट के सामने से अतिक्रमण हटाने को लेकर व्यापारियों को राहत मिली है। अतिक्रमण हटाए जाने के दौरान बाजार के लोगों में हड़कंप मचा रहा।
भीमपुरा-रतनपुरा मार्ग पर जिला परिषद का आयुर्वेदिक अस्पताल था जो तत्कालीन चिकित्सक रविन्द्र नाथ राय के सेवानिवृत्त होने के बाद बंद हो गया। परिषद ने दो वर्ष पूर्व पुराने भवन को तोड़कर नया मार्केट बना दिया। इसमें लोगों को दुकानें आवंटित की गईं। मार्केट के सामने पुराने भवन के होने से मार्केट में लोग दुकान नहीं खोल पाते थे। दुकानदार पुराने मकान को हटाने के लिए जिला परिषद से कई बार मांग कर चुके थे लेकिन मकान का कोई मालिकाना साबित नहीं हो रहा था। एसडीएम बेल्थरारोड शनिवार को जिला परिषद व पीडब्ल्यूडी के कर्मचारियों के अलावा पुलिस बल लेकर भीमपुरा बाजार पहुंचे और जिला परिषद के मार्केट के सामने स्थित जर्जर भवन को जेसीबी से गिरवा दिया। इससे मार्केट के सामने से अतिक्रमण साफ हो गया। उधर, एसडीएम व पूरी टीम को देखकर बाजार के लोगों में हड़कंप मच गया। वहीं जिला परिषद मार्केट में दुकान आवंटित में दुकान आवंटित कराने वालों में खुशी की लहर दौड़ पड़ी। एसडीएम ने बताया कि जिला परिषद मार्केट के सामने जर्जर पड़े मकान के कारण दुकानदार अपनी दुकान नहीं खोल पा रहे थे। मकान के मालिक द्वारा मालिकाना संबंधित कोई कागजात न दिखा पाने के चलते जर्जर मकान को गिरा दिया गया है। इस मौके पर प्रभारी निरीक्षक शिवमिलन, जिला परिषद और पीडब्ल्यूडी से अभियंता मनोज कुमार सिंह, अवर अभियंता सुशील कुमार यादव, कर अधिकारी सुनील कुमार आदि रहे।