सहतवार। कस्बा के वार्ड नंबर नौ में सोमवार को एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर लिया। सूचना पर पहुंची ने पुलिस ने मकान का मुख्य दरवाजे को तोड़कर शव को नीचे उतरवाया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बताया जा रहा है कि नगर पंचायत सहतवार के वार्ड नंबर नौ निवासी संतोष उर्फ पिंटू गुप्ता (30) पुत्र कमलेश गुप्ता का दो दिनों से घर का दरवाजा बंद था। युवक भी दो दिनों से कहीं दिखाई नहीं दे रहा था। इसी बीच सोमवार को दो बजे के करीब कोई लड़का संतोष को खोजने के लिए आया। दरवाजा अंदर से बंद होने के कारण दरवाजा पीटने लगा। दरवाजा पीटने के बाद भी जब संतोष दरवाजा नहीं खोला तो बगल की खिड़की खोलकर अंदर झांक कर देखा तो संतोष आंगन के छत में लगे ग्रिल में फंदा बनाकर लटका हुआ है। यह देख वह अवाक रह गया और चिल्लाने लगा। इसी बीच किसी ने सहतवार पुलिस को सूचना दे दी। सूचना मिलते ही सहतवार थानाध्यक्ष मंटू राम दलबल के साथ घटना स्थल पर पहुंच गये और मुख्य दरवाजे को तोड़कर अंदर पहुंचकर शव को नीचे उतरवाया तथा पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। लोगों का कहना था कि मृतक की शादी दो वर्ष पहले रसड़ा में हुई थी। अभी उसकी कोई संतान नहीं है। मृतक एक सप्ताह पूर्व अपनी पत्नी को मायके छोड़कर आया था और घर में अकेले रहता था। लेकिन दो तीन दिनों से दिखाई नहीं दे रहा था। फांसी किस कारण लगाया, इसका पता नहीं चल सका था। मृतक मिठाई बेचकर अपने परिवार का भरण पोषण करता था। मृतक के पिता कोलकाता में रहते हैं। मृतक की पत्नी व पिता को सूचना दे दी गई है। सूचना मिलते ही पत्नी ससुराल पहुंची। मृतक दो भाइयों में छोटा था और दोनों भाई अलग रहते थे।