बलिया। बकाए मानदेय की मांग को लेकर उप्र रसोइया कर्मचारी संघ के तत्वावधान में रसोइयों ने कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन किया। इस दौरान रसोइयों ने जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन नगर मजिस्ट्रेट को सौंपा। जिसमें उल्लेख किया है कि हम लोग मिड डे मिल योजना के तहत प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों में रसोई बनाने की कार्य करते है। हम लोगों को विगत सात-आठ माह से मानदेय का भुगतान नहीं हुआ है। इसके चलते हम रसोइया भुखमरी के कगार पर पहुंच गए है। कहा कि मानदेय की भुगतान की मांग को हम लोगों ने तीन बार जिलाधिकारी और बेसिक शिक्षाधिकारी को ज्ञापन सौंप चुके है। इसके बाद भी हम लोगों का मानदेय नहीं दिया जाता है। ज्ञापन में कहा है कि पिछले सत्र का भी हम लोगों का मानदेय अभी शेष है। कहा कि दीपावली, छठ पूजा जैसे महत्वपूर्ण त्योहार आ रहे हैं। शासन की मंशा है कि दीपावली एवं छठ पूजा के पूर्व मानदेय का भुगतान कर दिया जाए। लेकिन बेसिक शिक्षा अधिकारी द्वारा किस कारण हम लोगों को मानदेय का भुगतान नहीं किया जा रहा है यह हम लोगों के समझ से परे है। उन्होंने जिलाधिकारी से मांग किया कि हम लोगों के मानदेय के लिए बेसिक शिक्षा अधिकारी को तत्काल निर्देशित किया जाए ताकि हम लोगों का मानदेय त्योहार से पूर्व ही भुगतान हो सके। चेताया कि यदि हम लोगों का मानदेय 16 अक्तूबर तक भुगतान नहीं किया जाता है तो 17 अक्तूबर को हम लोग कलेक्ट्रेट परिसर स्थित चंद्रशेखर उद्यान में बैठक कर वृहद आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। रेनू शर्मा, विमला भारती, चंद्रमा प्रसाद, बलिराम आदि रहे।