बैरिया। सुदिष्ट बाबा स्नातकोत्तर महाविद्यालय सुदिष्टपुरी रानीगंज में प्राध्यापकों का दो गुट आपस में भिड़ा। कहासुनी, गाली-गलौज के बाद मामला एसडीएम के पास पहुंचा। एसडीएम ने समझाबुझाकर दोनों पक्षों में सुलह कराया और मामले को शांत किया।
महाविद्यालय में आयोग से प्राचार्य बनकर डॉक्टर राम शर्मा कुछ महीना पूर्व यहां का कार्यभार ग्रहण किया। वहीं, डॉक्टर प्रकाशचंद्र त्रिपाठी इससे पहले यहां के कार्यवाहक प्राचार्य रहे हैं। नए प्राचार्य के आने के बाद प्राध्यापकों में गुटबाजी शुरू हो गई है और कई बार आपस में कहासुनी और तनाव की स्थिति उतपन्न हो चुकी है।
शुक्रवार को प्राध्यापकों के दोनों गुटों में कहासुनी और गालीगलौज तक मामला पहुंच गया। प्राचार्य समेत दोनों पक्ष उपजिलाधिकारी आत्रेय मिश्र के पास पहुंचे। एसडीएम महाविद्यालय के प्रबंधक का कार्य देख रहे हैं। उपजिलाधिकारी ने दोनों पक्षों को फटकार लगाई। प्रकाश चंद्र सहित उनके गुट के लोगों का आरोप है कि प्राचार्य बात-बात में गलत भाषा का प्रयोग करते हैं। जबकि प्राचार्य गुट के समर्थक कहे जाने वाले अखिलेश पांडेय का कहना था कि प्राचार्य महाविद्यालय में पढ़ाई का वातावरण चाहते है लेकिन कुछ प्राध्यापक पहले जैसी स्थिति यहां बनाए रखना चाहते हैं ताकि शिक्षण कार्य न करना पड़े। इसी को लेकर प्राचार्य का अकारण विरोध किया जा रहा है। गाली-गलौज जैसी कोई बात नहीं हुई। उपजिलाधिकारी से इस बाबत पूछने पर कहा कि महाविद्यालय में कोई गुटबाजी नहीं है। कुछ मतभेद प्राध्यापकों के बीच पैदा हुआ था। उसे समाप्त करा दिया गया हैं। विद्यालय में व्यवस्था के तहत शैक्षणिक कार्य होंगे।