बैरिया विधायक के खिलाफ कलेक्ट्रेट में धरने पर बैठे वन विभाग के कर्मचारियों को संबोधित करते संगठन के नेता।
- फोटो : ballia
फेडरशन ऑफ फारेस्ट एसोसिएशन की जिला इकाई के तत्वावधान में वनकर्मियों ने सोमवार को कलेक्ट्रेट परिसर में अनिश्चितकालीन धरना दिया। जिसमें विधायक और उनके समर्थकों पर मुकदमा दर्ज कर विधायक को बर्खास्त करने की मांग की। चेताया कि जब तक मुकदमा दर्ज कर बर्खास्तगी नहीं की जाती, धरना जारी रहेगा। उधर, जिले के विभिन्न संगठनों के साथ गैर जनपद से पधारें संगठन के पदाधिकारियों ने आंदोलन को समर्थन दिया है।
संरक्षक उमेश तिवारी ने कहा कि बैरिया विधायक सुरेंद्र सिंह व उनके समर्थकों द्वारा वन दरोगा संतोष कुमार व चालक रघुपति राम को मारना तथा पैर तोड़ देने की जितनी भी निंदा की जाय कम है। उन्होंने कहा कि विधायक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर उन्हें बर्खास्त किया जाए। अगर ऐसा नहीं होता है तो धरना जारी रहेगा। विकास भवन संघ के अध्यक्ष अविनाश उपाध्याय ने फारेस्ट एसोसिएशन का समर्थन करते हुए कहा कि वन दारोगा एवं चालक के साथ विधायक व उनके समर्थकों द्वारा की गई मारपीट की जितनी भी निंदा की जाए वह कम है। श्रमिक समन्वयक समिति के अध्यक्ष बलवंत कुमार सिंह ने संगठन का समर्थन किया।
चेतावनी दी कि जनपद के सभी संगठन कार्य बहिष्कार कर धरने में शामिल हो जाएंगे। इस मौके पर अध्यक्ष लल्लन सिंह, शैलेंद्र प्रताप सिंह, अखिलेश दुबे, चंद्र प्रकाश श्रीवास्तव, राजेंद्र प्रताप सिंह, वीबी सिंह, अमरजीत प्रसाद, राजेश पांडेय, हीरालाल चौरसिया, प्रेमसुख श्रीवास्तव, रामपूजन राम मौजूद रहे।