भाजपा के गोरक्ष प्रांत के क्षेत्रीय महामंत्री चिरंजीवी चौरसिया ने कहा कि भाजपा एक अनुशासित पार्टी है। कार्य में अकूत पारदर्शिता के साथ ही जिम्मेदारियों का भी यह बखूबी निर्वहन करती है। वे गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी के जिला कार्यालय पर आयोजित नगर मंडल की कार्यशाला में बोल रहे थे।
यूपीए और प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि नेपाल में भूकंप आया तो मोदी सरकार ने मात्र 57 मिनट में चार विमान और एनडीआरएफ की 10 टीमें मौके पर भेज दी। जबकि यूपीए के शासन में 2013 में केदारनाथ में प्रलय आया तो राहत टीम 57 घंटे बाद मौके पर पहुंची थी।
प्रदेश सरकार पर भी तीखा प्रहार करते हुए कहा कि सपा के कद्दावर नेता हर मौके पर खुद को यह साबित कराने में लगे है कि हमने जो वादा किया, उसे पूरा किया। मैं प्रदेश सरकार से पूछना चाहता हूं कि क्या आपकी सरकार ने जनता से यही वादा किया था कि हम बस दो ही साल लैपटाप, बेरोजगारी भत्ता देंगे?
जिलाध्यक्ष ने कहा कि महासंपर्क अभियान 26 मई को शहीद मंगल पांडेय स्मारक से प्रारंभ होगा। उन्होेंने अधिक से अधिक संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं को मौके पर पहुंचने की अपील की। इस मौके पर रंगनाथ मिश्र, मनोज श्रीवास्तव, भगवान पांडेय, आलोक ओझा, संजीव, सुनीता श्रीवास्तव, संजीव कुमार डंपू आदि रहे।