बेल्थरारोड नगर के वार्ड नंबर आठ के निवासी युवक नीरज (18) की मंगलवार की देर शाम बाइक सवार हमलावरों ने चाकू गोदकर हत्या कर दी। इस वारदात की खबर लगते ही मुहल्ले के लोग नाराज हो गए। सैकड़ों की संख्या में लोगों ने पुलिस चौकी का घेराव करने के साथ ही पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया।
सूचना मिलने पर एएसपी के नेतृत्व में आसपास के कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई। देर रात मौके पर पहुंचे राजू बाबू सिंह ने एफआईआर दर्ज कराकर हमलावरों की शीघ्र गिरफ्तारी का आश्वासन देकर लोगों को शांत करवाया।
नगर के बस स्टेशन के समीप मंगलवार की देर शाम नीरज (18) अपने साथी दीपक (16) के साथ मिठाई की दूूकान पर खड़ा था। इसी बीच बाइक सवार दो युवक वहां पहुंचे। वे दोनों को बाइक पर बैठाकर जेबीपुर नई कालोनी के पास लेकर चले गए। वहां किसी बात पर उन्होंने नीरज और दीपक की पिटाई शुरू कर दी।
इसी बीच मौका मिलने पर दीपक तो वहां से भाग गया, नीरज को हमलावरों ने चाकू मारकर मौत के घाट उतार दिया। इस वारदात की सूचना मिलते ही वार्ड नंबर आठ के सैकड़ों लोग बेल्थरा रोड स्थित पुलिस चौकी पहुंच गए। उन्होंने चौकी का घेराव कर हंगामा शुरू कर दिया।
कुछ ही देर में गुस्साई भीड़ ने पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया। उधर, सूचना मिलते ही एएसपी केसी गोस्वामी, सीओ रसड़ा सहित दर्जनभर थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई।