सहतवार क्षेत्र के बघाव गांव में महिला की मौत के बाद रोती-बिलखती परिवार की महिलाएं।
- फोटो : BALLIA
सहतवार। जिंदगी से रूठी एक मां अपने तीन वर्ष के मासूम बेटे के लिए भी इस दुनिया में नहीं रुकी। कलेजे के टुकड़े को बिलखता छोड़ उसनेे पंखे की हुक में फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। घटना सहतवार थाना क्षेत्र के बघांव में बुधवार की रात की है। सूचना पर पहुंची पुलिस एवं फोरेेंसिक टीम ने शव को नीचे उतरवाया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सूचना के बाद मृतका का पति व पिता मऊ से गांव पहुंचे। देर शाम तक कोई तहरीर नहीं दी गई थी।
थाना क्षेत्र के बघांव निवासी आकाश चौबे की शादी जनवरी 2016 में बरियारपुर निवासी अजय तिवारी की लड़की प्रीति से हुई थी। उन्हें तीन वर्ष का एक पुत्र है। आकाश अपने ससुर के साथ मऊ में प्राइवेट कंपनी में काम कर परिवार चला रहंा था। आकाश चार भाई हैं। सभी अलग रहते हैँ लेकिन आंगन एक ही है। बृहस्पतिवार की सुबह आकाश का भतीजा निहाल करीब सात बजे अपनी चाची प्रीति (23) को दूध देने के लिए दरवाजा खटखटाया। दरवाजा नहीं खुला तो वह जोर-जोर से पीटने लगा। इस पर कमरे से प्रीति के तीन वर्षीय बेटे के रोने की आवाज सुनाई दी। इसके बाद भी दरवाजा नहीं खुला तो परिवार वालों को अनहोनी की आशंका हुई। रोशनदान से झांक कर देखा तो प्रीति पंखे के हुक में फंदे से लटक रही थी। लोगों ने किसी तरह दरवाजा खोला। घटना की सूचना मऊ में प्राइवेट नौकरी कर रहे उनके पति आकाश चौबे और मृतका के मायके वालों को दी। सूचना मिलते ही सहतवार पुलिस व फोरेेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई। टीम ने घटनास्थल की पड़ताल कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उधर, बेटी के न रहने की खबर मिलते ही बदहवाश मां चिंता देवी पुत्री के ससुराल पहुंची और दहाड़े मारकर रोने लगी। वहीं आकाश भी अपने ससुर अजय तिवारी को साथ लेकर घर पहुंचा। इसके बाद शव को नीचे उतरवाया गया। परिवार और गांव वालों का कहना है कि लड़की का किसी से झगड़ा झंझट भी नहीं था। पति बाहर रहता था। वह अकेले अपने बच्चे के साथ रहती थी। विवाहिता ने आत्महत्या क्यों की? यह समझ से परे है। लोगों का कहना था कि फंदे की दूरी जमीन से बहुत कम थी। इस घटना के बाबत सीओ बांसडीह दीपचंद ने बताया कि फारेंसिक जांच हो चुकी है पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही घटना के कारणों की जानकारी हो सकेगी।