बलिया। क्षेत्र के बभनौली स्थित एपेक्स स्कूल में आगामी 24 नवंबर को आयोजित 22वीं टेनिस बाल क्रिकेट प्रतियोगिता के आयोजन के लिए बैठक विद्यालय परिसर में शुक्रवार को हुई। बैठक के दौरान तैयारी और प्रतियोगिता में शामिल टीमों के बारे में विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के दौरान आयोजन सचिव ने उपस्थित सदस्यों को बताया कि इस प्रतियोगिता के मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री दानिश अंसारी होंगे। संघ के सचिव असलम वारसी ने बताया कि टेनिस बाल क्रिकेट भारत सरकार के स्कूल गेम फेडरेशन द्वारा मान्यता प्राप्त है। इसके प्रमाणपत्र पर केंद्र सरकार की ग्रुप सी की नौकरियों में पांच प्रतिशत की छूट मिलता है।
आयोजन समिति के अध्यक्ष और संरक्षक धनज्ञय उपाध्याय और फिरोज अंसारी ने बताया कि भारत के हर गली मुहल्ले में खेला जाने वाला खेल टेनिस बाल क्रिकेट ही है, लेकिन अभिभावक और खिलाड़ी इस बात से अंजान हैं कि इस क्षेत्र में भी करियर बनाया जा सकता है। मौके पर बदरुदुज्जा जाफरी, शशि मोहन पांडेय, अजीत कुमार, मुर्शीद, रविप्रकाश पांडेय, अर्जुन द्विवेदी, जितेंद्र तिवारी आदि उपस्थित रहे।