बलिया। ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस वे के लिए अधिगृहीत की जाने वाली जमीनों के अधिकारों को लेकर किसानों का विरोध जहां-तहां जारी है। इसे विभाग और जिला प्रशासन सुलझाने में लगा हुआ है। दूसरी तरफ कार्य जल्दी शुरू करने के लिए ग्रीनफील्ड के दूसरे पैकेज का टेंडर जल्द किया जाएगा। विभागीय अधिकारी के अनुसार, इस कार्य को लेकर तत्परता बरती जा रही है ताकि जल्द निर्माण कार्य शुरू हो सके।
गाजीपुर के जंगीपुर से छपरा के रिविलगंज आरओबी तक 117.12 किलोमीटर लंबी ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे जिले से होकर गुजरेगी। जिले में कुल करीब 65 किमी की लंबाई में ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस वे का निर्माण होना है, जो चितबड़ागांव से फेफना, माल्देपुर, हल्दी, बैरिया, चांददियर होते हुए मांझी घाट के बाद बिहार में प्रवेश कर जाएगा। इसके निर्माण की जिम्मेदारी भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) को दी गई है। जमीन अधिग्रहण की जिम्मेदारी यूपीडा को दी गई है।
शासन की ओर से ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस वे निर्माण को लेकर भूमि अधिग्रहण का गजट महीनों पहले किया जा चुका है। इसके बाद से यूपीडा जमीनों के अधिग्रहण को लेकर कार्रवाई में जुटा है। एक्सप्रेस-वे जनपद में तहसील सदर के 72 और बैरिया के 16 गांवों से होकर गुजरेगा और मांझी घाट पुल से जुड़ेगा। सदर और बैरिया तहसील के गांवों के किसानों से लगभग 765 हेक्टेयर भूमि किसानों से खरीदी जानी है। जमीनों के बैनामा का कार्य भी चल रहा है।
ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस वे को चार पैकेज में बांटा गया है। इसमें से एक पैकेज संख्या तीन का टेंडर किया जा चुका है। एक अन्य पैकेज के टेंडर के लिए विभाग ने तैयारी तेज कर दी है, जो जल्द ही होगा।
एक पखवारा पहले पैकेज संख्या तीन का हो चुका है टेंडर
पैकेज संख्या तीन में जिलेे के पिंडारी से बिहार के रिविलगंज आरओबी तक 39 किमी एक्सप्रेस का निर्माण 660.34 करोड़ से होगा। करीब एक पखवारा पहले यह कार्य एक कंस्ट्रक्शन कंपनी को दिया गया है। अब एक और पैकेज का टेंडर भी जल्द होगा।
आजमगढ़ एनएचएआई पीडी एसपी पाठक ने बताया कि ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस वे का निर्माण जल्द शुरु कराने की तैयारी है। इसे कुल चार पैकेज में बांटा गया है। पैकेज संख्या तीन का टेंडर हो चुका है। जल्द ही एक और पैकेज का टेंडर होगा। किसानों से अपील है वह जमीनों की रजिस्ट्री में सहयोग करें।
नाराज किसानों से चल रही बातचीत, कराया जाएगा समाधान : एसडीएम
बैरिया। विकास की मुख्य धारा में जोड़ने वाला जनपद का सबसे ड्रीम प्रोजेक्ट ग्रीन फील्ड एक्सप्रेस वे के लिए भूमि अधिग्रहण का कार्य बैरिया तहसील में जारी है। कुछ किसानों की ओर से भूमि अधिग्रहण के लिए कम दाम मिलने के आरोप के बाद दर्जनों किसानों के आक्रोश के बीच तीन दिनों में एक दर्जन काश्तकारों ने अपनी-अपनी भूमि की रजिस्ट्री जनहित में की है। उप जिलाधिकारी बैरिया आत्रेय मिश्र ने बताया कि रजिस्ट्री का क्रम बीते एक सप्ताह से चल रहा है। जो किसान ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस वे के लिए भूमि रजिस्ट्री करने आ रहे हैं, उनका स्वागत है। संबंधित लेखपाल, राजस्व निरीक्षक, नायब तहसीलदार और तहसीलदार सहयोग कर रजिस्ट्री करा रहे हैं। नाराज कुछ किसानों से बात चल रही है, उनकी समस्या से उच्चाधिकारियों को अवगत करा दिया गया है। बातचीत कर समस्या का समाधान कराया जाएगा।