रेवती रेलवे स्टेशन से घर जाते समय युवक की बाइक रविवार सुबह खंभे से टकरा गई। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दलछपरा गांव निवासी बृजेश गोंड (18) रविवार सुबह बाइक से किसी को स्टेशन पहुंचाने आया था। स्टेशन से घर जाने के दौरान उसकी बाइक पालजी महाविद्यालय के समीप सड़क के किनारे स्थित विद्युत खंभे से टकरा गई। आसपास के लोगों ने घायल को सीएचसी रेवती पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
चकिया गांव निवासी अजय सिंह मुन्ना (50) अपनी ई-रिक्शा लेकर शनिवार की देर शाम रामगढ़ से बैरिया लौट रहे थे। दयाछपरा में गजहवा बाबा स्थान के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार बोलेरो ने ई-रिक्शा में टक्कर मार दी। घटना में अजय गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर पहुंची बैरिया पुलिस ने बोलेरो को कब्जे में ले लिया। वहीं, घायल ई-रिक्शा चालक अजय को इलाज के लिए सोनबरसा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। स्थिति गंभीर देख प्राथमिक उपचार के बाद अजय को चिकित्सकों ने सदर अस्पताल रेफर कर दिया। यहां इलाज के दौरान रविवार की भोर में मौत हो गई।