बलिया। फेफना थाना के माल्देपुर संगम तट पर स्नान करने के दौरान गहरे पानी में जाने से किशोर डूब गया। सूचना पर पहुंची पुलिस गोताखोरों और ग्रामीणों के सहयोग से उसे खोजने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी।
डूबने की खबर सुन गांव में सनसनी फैल गई। परिजनों का रोते-रोते बुरा हाल रहा। माल्देपुर गांव निवासी प्रमोद राय का छोटा बेटा आर्यन राय (12) सुबह नौ बजे के करीब दोस्तों संग नदी में नहाने गया था। नहाते समय अचानक गहरे पानी में डूबने लगा, साथियों ने बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। दोस्त को डूबता देख साथी चिल्लाने लगे। खेतों में काम कर रहे किसान दौड़कर पहुंचे, तब तक आर्यन डूब चुका था। आर्यन तीन भाई बहनों में सबसे छोटा है। थाना प्रभारी राकेश रोहन दलबल के साथ मौके पर पहुंच उसकी खोजबीन में जुट गए।