बलिया। सदर कोतवाली के हैबतपुर गांव के पास ग्रीन फील्ड सड़क निर्माण के दौरान पानी का टैंकर पलटने से चालक रोहित पासवान (14) की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, लोगों का कहना है कि सड़क के काम में लगी एजेंसी किशोरों से काम करवा रही है। इससे हादसे भी ज्यादा होते हैं।
हैबतपुर गांव निवासी सलगू पासवान का मझला पुत्र रोहित पासवान गांव के एक लड़के के साथ ग्रीन फील्ड एक्सप्रेसवे निर्माण में सड़क के मिट्टी भराई व पानी का टैंकर चलता था। कंपनी ने अगरसंडा गांव निवासी किसी पानी टैंकर वाले को डेली वेज पर काम दिया था। रविवार की सुबह करीब आठ बजे पानी का टैंकर लेकर आठ फीट ऊपर सड़क पर छिड़कने जाते समय अचानक ट्रैक्टर व पानी का टैंकर असंतुलित होकर पलट गया, जिसमें रोहित नीचे दब गया।
आसपास काम कर रहे कर्मचारियों ने दौड़कर पानी के टैंकर के नीचे से बाहर निकाल कर इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर लगते ही परिवार में कोहराम मच गया। कोतवाल योगेन्द्र बहादुर सिंह ने कहा कि शव को पोस्टमार्टम को भेजवाया गया। पानी का टैंकर व ट्रैक्टर को कब्जे में ले लिया। उनके मालिक की तलाश होने लगी। शिकायत मिलने पर कार्रवाई होगी।