शिक्षा क्षेत्र दुबहर के बीईओ सुनील कुमार व सह समन्वयक की संयुक्त टीम ने बुधवार को स्कूलों में जांच की। इस दौरान बंद मिले विद्यालयों और अनुपस्थित मिले शिक्षकों के वेतन पर बीएसए डॉ. राकेश सिंह ने रोक लगा दी है।
प्राथमिक विद्यालय गजियापुर के निरीक्षण में प्रधान अध्यापक उषा राय व सहायक अध्यापक रमिता देवी न सिर्फ अनुपस्थित रहीं, बल्कि विद्यालय भी बंद पाया गया।
वहीं, सलेमपुर स्थित प्राथमिक विद्यालय की प्रधानाध्यापक रेनू तिवारी व सहायक अध्यापक लालबहादुर निरीक्षण के दौरान स्कूल पर मौजूद नहीं थे। बीएसए डॉ. राकेश सिंह ने अनुपस्थित शिक्षकों का वेतन अवरुद्ध करते हुए स्पष्टीकरण मांगा है। इसी क्रम में बजहां स्थित प्राथमिक विद्यालय में भी ताला लटका मिला।
इस पर विद्यालय के सभी शिक्षकों का अग्रिम आदेश तक वेतन रोकने का निर्देश दिया। उप्रावि दुबौली का जांच टीम ने जब निरीक्षण किया तो सहायक अध्यापक अनीता तिवारी व ममता कुमारी गैरहाजिर मिली। उक्त दोनों शिक्षिकाओं के संबंधित तिथि के वेतन पर बीएसए ने रोक लगाने का आदेश दिया है।