बेल्थरारोड। विधान परिषद के शिक्षक विधायक चेत नारायण सिंह ने बुधवार को क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों का भ्रमण किया। इस दौरान शिक्षकों ने विधायक का गर्मजोशी से स्वागत किया।
डीएवी इंटर कॉलेज में शिक्षकों की सभा को संबोधित करते हुए एमएलसी सिंह ने शिक्षकों के हित- संरक्षण के लिए प्रतिबद्धता जताई। उन्होंने शिक्षकों की समस्याओं की जानकारी प्राप्त करते हुए उसके निराकरण के लिए अपने स्तर से हर संभव प्रयास किए जाने का भरोसा दिलाया। उन्होंने संगठन मजबूत को बनाते हुए अपने अधिकारों की रक्षा के लिए जागरूक रहने का आह्वान किया। कहा कि संगठन के संघर्ष की बदौलत शिक्षकों की समस्याओं के समाधान का मार्ग प्रशस्त हुआ है। बलिया में जीपीएफ घोटाले की चर्चा करते हुए कहा कि घोटाले के चलते शिक्षकों को घोर कठिनाई का सामना करना पड़ा।
इन कठिनाइयों को समाप्त करने के लिए गंभीर प्रयास किए जा रहे हैं। आने वाले दिनों में शिक्षकों की समस्याओं का समाधान हो जाएगा। पुरानी पेंशन नीति बहाल करने के लिए प्रयास तेज कर दिए गए हैं। उम्मीद जताई कि इसके आशातीत परिणाम सामने आएंगे। इसके पूर्व प्रधानाचार्य बनारसी यादव के नेतृत्व में शिक्षकों ने एमएलसी का जोरदार स्वागत किया गया। इस मौके पर अनूप कुमार हेमकर, केपी सिंह, ओपी सिंह, आनंद मोहन, रमेश कुमार, गुलाबचंद गुप्त, ब्रजभूषण सिंह, अजीत सिंह आदि रहे। उधर, देवेंद्र पीजी कॉलेज में शिक्षक नेता डा. शिवाकांत मिश्र के नेतृत्व में स्वागत किया गया। इस दौरान एमएलसी को मांग पत्र सौंपा गया, जिसमें चहारदीवारी निर्माण और महाविद्यालय परिसर को सौर ऊर्जा से आच्छादित करने की मांग की गई। एमएलसी ने एक केवीए का सौर ऊर्जा संयंत्र उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया। इस मौके पर डा. मिथिलेश सिंह, विनोद सिंह, अभय सिंह, लीलावती देवी, भीष्मनारायण यादव आदि रहे।