बलिया। जिले में सघन क्षय रोगी खोज अभियान (एक्टिवकेस फाईंडिंग) एक नवंबर से 11 नवंबर तक चलाया जाएगा। जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ.आनंद कुमार ने बताया अभियान के तहत पूरे जिले की 10 प्रतिशत आबादी को लक्षित किया जाएगा। इसके लिये 190 टीमें बनाई जाएंगी और 37 सुपरवाइजर लगाए जाएंगे।हर पांच टीम पर एक सुपरवाईजर तैनात किया जाएगा। बताया कि प्रत्येक टीम में तीन सदस्यों को शामिल किया जाएगा, जो पूरे जनपद में 10 प्रतिशत आबादी के घर-घर भ्रमण कर लक्ष्य के सापेक्ष टीबी के मरीजों को चिह्नित करेंगे और एक सप्ताह के अंदर नए टीबी मरीजों को दवा शुरू करवाया जाएगा। प्रत्येक मरीज को निक्षय पोषण योजना के अंतर्गत उपचार के दौरान 500 रुपये प्रतिमाह खाते में भुगतान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सतर्क रहें और बचाव करें। दो सप्ताह या उससे अधिक समय से लगातार खांसी का आना, खांसी के साथ बलगम का आना, बलगम के साथ खून आना, बुखार आना (विशेष रूप से शाम को बढ़ने वाला), वजन का घटना, भूख कम लगना, सीने में दर्द आदि इसके मुख्य लक्षण हैं। यदि इनमें से कोई भी लक्षण मिलता है तो आप स्वयं भी अपने नजदीकी टीबी केंद्र पर जाकर जांच कराएं और नि:शुल्क इलाज का लाभ लें। ध्यान रहे कि टीबीके मरीज खांसते व छींकते समय नाक व मुंह को कपडें से ढक कर रखें और इधर-उधर न थूकें जिससे यह अन्य लोगों में फैले।